ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सोसायटी में उल्लुओं का आतंक, वन विभाग ने 8 उल्लू किए रेस्क्यू
ग्रेटर नोएडा वेस्ट: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ला रेजिडेंशिया सोसायटी में पिछले तीन दिनों से उल्लुओं के अचानक हमले से residents में दहशत का माहौल बना हुआ था। सोसायटी में आने-जाने के दौरान कई लोगों पर उल्लुओं ने झपट्टा मारा। इन घटनाओं में करीब आधा दर्जन लोगों के घायल होने की बात सामने आई है। शिकायत मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए सोसायटी परिसर से 8 उल्लुओं को सुरक्षित रेस्क्यू किया है। इनमें 2 वयस्क और 6 बच्चे शामिल हैं।
अचानक ऊपर से आकर करते थे हमला
निवासियों के मुताबिक, उल्लू अचानक ऊपर से आकर लोगों पर झपट्टा मारते थे। हमले के दौरान कुछ लोगों के सिर और शरीर पर चोटें आईं, जबकि एक निवासी के सिर से खून तक निकल गया। लगातार हो रही इन घटनाओं के कारण लोगों में डर का माहौल बन गया था।
सोसायटी निवासी बिजॉय त्रिपाठी ने बताया कि बुधवार रात करीब 11 बजे ऑफिस से लौटने के बाद जब वह पार्किंग से अपने फ्लैट की ओर जा रहे थे, तभी एक उल्लू ने पीछे से उनके सिर पर हमला कर दिया। कुछ देर बाद उल्लू ने दोबारा हमला किया, जिससे उनके सिर में चोट लगी और खून निकलने लगा। घटना के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया और टेटनेस का इंजेक्शन भी लगाया गया।
शाम और रात में घर से निकलने से डर रहे थे लोग
लगातार हमलों के कारण सोसायटी में शाम और रात के समय लोगों की आवाजाही प्रभावित हो गई थी। कई परिवार बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को अकेले बाहर भेजने से बच रहे थे। पार्किंग, लॉबी और सोसायटी परिसर में जाते समय लोगों को अचानक उल्लू के हमले का डर बना रहता था।
निवासियों ने मामले की जानकारी वन विभाग को दी और उल्लुओं को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू करने की मांग की। शिकायत के बाद वन विभाग की टीम सोसायटी पहुंची और परिसर में मौजूद उल्लुओं को पकड़ने की कार्रवाई शुरू की।
वन विभाग ने 8 उल्लुओं को किया रेस्क्यू
वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए कुल 8 उल्लुओं को सुरक्षित रेस्क्यू किया। इनमें 2 वयस्क और 6 बच्चे शामिल हैं। इसके बाद सोसायटी के लोगों ने राहत की सांस ली।
निवासियों की मांग है कि रेस्क्यू किए गए उल्लुओं को सुरक्षित और उनके प्राकृतिक वातावरण के अनुकूल स्थान पर छोड़ा जाए, ताकि पक्षियों को भी नुकसान न हो और सोसायटी में रहने वाले लोगों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके।
फिलहाल वन विभाग की कार्रवाई के बाद ला रेजिडेंशिया सोसायटी के लोगों को राहत मिली है। पिछले तीन दिनों से लगातार हो रहे उल्लुओं के हमलों के बाद रेस्क्यू अभियान से लोगों में डर कम हुआ है।